रूसी मिसाइल हमले में कीव में बुधवार रात दो लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस ने 13 मिसाइलें दागीं, जिनमें आठ बैलिस्टिक मिसाइलें थीं और 151 ड्रोन भी इस्तेमाल किए। जेलेंस्की ने कहा कि मॉस्को बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिये खौफ फैलाने की कोशिश कर रहा है।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने क्या कहा?
यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'बीती रात रूस के मिसाइल हमले में कीव में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मैं उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।'
किन इलाकों को बनाया गया निशाना?
जेलेंस्की ने कहा कि रूसी हमले में एक रिहायशी ऊंची इमारत, गोदाम और कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। खारकीव क्षेत्र में हुए रूसी हमलों में चार लोग घायल हुए हैं। इस इलाके पर ड्रोन और गाइडेड एयर बम से हमला किया गया। कई आम लोगों के घर और पूरी तरह नागरिक इस्तेमाल की जगहों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें एक सिनेमा हॉल और टेनिस कोर्ट भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सूमी में एक सार्वजनिक पार्क पर हमला किया गया, जबकि उसी क्षेत्र में ट्रैक्टरों के एक दल को भी निशाना बनाया गया। जापोरिज्जिया में कई अपार्टमेंट इमारतों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, विनित्सिया, झितोमिर, मायकोलाइव और डोनेत्स्क क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था से जुड़ी सुविधाओं को भी नुकसान पहुंचा है।
ये भी पढ़ें:
जेलेंस्की ने सरकार में बड़ा फेरबदल क्यों किया?: नए PM बने सेरही कोरेत्स्की, रक्षा मंत्री को हटाने पर प्रदर्शन
रूस ने कितने हथियार इस्तेमाल किए?
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने बताया कि कुल मिलाकर, रूस ने 13 मिसाइलें दागीं, जिनमें आठ बैलिस्टिक मिसाइलें थीं, और 151 ड्रोन भी इस्तेमाल किए। जुलाई महीने में ही यह कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से किया गया छठा हमला है।
जेलेंस्की ने क्या अपील की?
उन्होंने कहा कि मॉस्को अब भी बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए डर फैलाने की कोशिश कर रहा है और लगातार हमले कर रहा है। अब सबसे जरूरी है कि हमारी हवाई सुरक्षा के लिए इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति तेज की जाए। हर सहायता पैकेज अहम है, और हमारे साझेदारों के साथ जो भी समझौते हुए हैं, उनका सामान समय पर पहुंचना चाहिए। इनकी समय पर डिलीवरी से लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है और रूस के हमलों का असर कम होता है।