ब्रिटेन के शाही परिवार में आए मतभेदों को खत्म करने की कोशिश हो रही है। इसके तहत किंग चार्ल्स तृतीय ने शुक्रवार को वर्षों बाद पहली बार अपने छोटे बेटे प्रिंस हैरी और उनके परिवार से मुलाकात की। खास बात ये रही कि इस मुलाकात में प्रिंस हैरी के साथ उनकी पत्नी मेगन भी थीं। हैरी और उनकी पत्नी मेगन ने छह साल पहले शाही जिम्मेदारियां छोड़कर अमेरिका में बसने का फैसला किया था।
परिवार समेत किंग चार्ल्स से मिले प्रिंस हैरी
बकिंघम पैलेस ने पुष्टि की कि प्रिंस हैरी, उनकी पत्नी मेगन, बेटे प्रिंस आर्ची और बेटी प्रिंसेस लिलिबेट ने लंदन के पश्चिम में स्थित शाही कंट्री एस्टेट हाईग्रोव हाउस में किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला से मुलाकात की। ड्यूक ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी सोमवार को कई चैरिटी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए ब्रिटेन पहुंचे थे। हालांकि, उनकी इस यात्रा के दौरान सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर रही कि क्या उनकी अपने पिता से मुलाकात होगी। ब्रिटिश टैबलॉयड और समाचार चैनलों में इस बात को लेकर भी अटकलें लगाई जाती रहीं कि क्या डचेस ऑफ ससेक्स मेगन उनके साथ आएंगी और सबसे अहम, क्या वे अपने दोनों बच्चों को भी साथ लाएंगी ताकि वे अपने दादा किंग चार्ल्स के साथ समय बिता सकें।
मुलाकात से पहले तनाव भी हुआ
हालांकि, ब्रिटिश सम्राट का कार्यक्रम वर्षों पहले से तय होता है और अधिकांश आधिकारिक कार्यक्रम काफी पहले निर्धारित कर दिए जाते हैं। ऐसे में प्रिंस हैरी और किंग चार्ल्स की मुलाकात की कम ही उम्मीद थी। हालांकि आखिरकार पिता-पुत्र की मुलाकात हुई। ऐसा नहीं है कि सबकुछ ठीक रहा। प्रिंस हैरी और शाही अधिकारियों के बीच तनाव भी देखने को मिला। दरअसल पहले अधिकारियों ने हैरी को बकिंघम पैलेस में ठहरने का निमंत्रण दिया, लेकिन समय पर जवाब नहीं मिलने पर बाद में यह प्रस्ताव वापस ले लिया, जिससे असहज स्थिति पैदा हो गई।
हैरी की ब्रिटेन यात्रा ऐसे समय भी हुई, जब ब्रिटिश टैबलॉयड मीडिया के खिलाफ उन्हें कानूनी लड़ाई में भी हार का सामना करना पड़ा। अदालत ने फैसला सुनाया कि प्रिंस हैरी डेली मेल के प्रकाशक के खिलाफ निजता के उल्लंघन के अपने आरोप साबित करने में विफल रहे। प्रिंस हैरी की कानूनी लड़ाइयां भी उनके परिवार के साथ तनाव का एक प्रमुख कारण रही हैं।
पिता से रिश्ते सुधारने की बात कह चुके हैं प्रिंस हैरी
हैरी पहले भी कह चुके हैं कि वह अपने 77 वर्षीय पिता से रिश्ते सुधारना चाहते हैं, जिनका कैंसर का इलाज चल रहा है। इससे पहले सितंबर में लंदन की एक छोटी यात्रा के दौरान भी हैरी और किंग चार्ल्स ने चाय पर मुलाकात की थी। अब शुक्रवार की यह मुलाकात शाही परिवार के रिश्तों में आई दरार को भरने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।