रोम में घूमने जाने वाले पर्यटकों के लिए बुरी खबर है। सिटी काउंसिल के नए नियमों के अनुसार अब ऐतिहासिक फाउंटेन से मुंह लगाकर पानी पीना और शर्ट के बटन खोलकर घूमना प्रतिबंधित हो गया है। यानी पर्यटक अब ऐतिहासिक फाउंटेन के साथ खेल नहीं सकेंगे। इन नियमों को तोड़ने वाले पर्यटकों को जुर्माना भी देना पड़ सकता है।
रोम की सिटी काउंसिल ने हाल में ही पुराने नियमों में बदलाव किए हैं। अधिकारियों की नजर तो पर्यटकों के ज्यादा स्नैक्स खाने पर भी है, क्योंकि खाने के दौरान सैलानी ऐतिहासिक इमारतों और मार्बल पर टमाटर सॉस और मोजेरेला आदि चीजें गिराते हैं। इससे उनकी खूबसूरती के साथ-साथ साफ-सफाई पर भी असर पड़ता है।
सिटी काउंसिल ने एक बयान में कहा कि हर साल वहां आने वाले लाखों पर्यटकों के असामाजिक व्यवहार पर अंकुश लगाने के लिए ही यह पहल की गई है। रोम का ट्रेवी फाउंटेन पर्यटकों का सबसे ज्यादा पसंदीदा है, इसके अंदर उतकर वे खेलते हैं। ऐतिहासिक फाउंटेन से मुंह लगाकर पानी पीते हैं। अब नए नियम लागू होने के बाद ऐसा करने पर उन्हें संबंधित इलाकों में नहीं जाने दिया जाएगा। इसके अलावा अगर कोई पुरुष शर्ट उतारकर घूमते हुए पाए गए तो उन पर भी जुर्माना लगाया जाएगा।
इतना ही नहीं, बल्कि स्मारकों पर लव लॉक लगाना भी अब अपराध की श्रेणी में आएगा। रोम की महापौर वर्जीनिया रेग्गी के मुताबिक वह विदेशी दूतावासों को सूचना दे रही हैं। ताकि वे पर्यटकों को इन नए नियमों से परिचित करवा दें। रेग्गी के मुताबिक कुछ नियम तो स्थानीय नागरिकों को भी अखर सकते हैं, जैसे सड़क के एक ओर से दूसरी ओर तक फैले तारों पर कपड़े सुखाना अब संभव नहीं होगा। वहीं पब्लिक ट्रांसपोर्ट में म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट भी नहीं बजाए जा सकेंगे।