अमेरिका के न्यूजर्सी राज्य से सीनेट की सीट के लिए रिपब्लिकन पार्टी की ओर से प्राइमरी चुनाव जीतने वाले उद्यमी रिक मेहता पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं। आगामी नवंबर में होने वाले चुनावों में उनका मुकाबला अफ्रीकी-अमेरिकी मूल के डेमोक्रेटिक पार्टी के मौजूदा सांसद कोरी बुकर से होगा।
प्रारंभिक नतीजों के अनुसार अमेरिका के पूर्व खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारी मेहता ने सात जुलाई को हुए प्राइमरी चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतवंशी हर्ष सिंह को लगभग 13,743 मतों से हराया था।
पहली बार ऐसा हुआ है कि न्यूजर्सी से सीनेट के लिए चुनाव लड़ने वाली दोनों पार्टियों के उम्मीदवार अश्वेत होंगे। बुकर को प्राइमरी चुनाव में 89 प्रतिशत मतों से जीत मिली है। न्यूजर्सी भारतीय-अमेरिकी मूल के नागरिकों की सबसे अधिक आबादी वाले राज्यों में से एक हैं। रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार को यहां से चुनाव जीते हुए लगभग 48 साल हो चुके हैं।