US: रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर का नामांकन अमेरिका के शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारी पद के लिए सीनेट की वित्त समिति से आगे बढ़ गया गया। हालांकि, डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसदों ने इसका विरोध किया। अब उनके नामांकन पर पूर्ण सीनेट में मतदान होगा।
विवादास्पद पर्यावरण अधिवक्ता से सार्वजनिक स्वास्थ्य आलोचक बने रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर ने मंगलवार को देश का शीर्ष स्वास्थ्य पदाधिकारी बनने के मार्ग में अपनी पहली बाधा तब पार कर ली, जब सीनेट की वित्त समिति ने सदन में मतदान के लिए उनके नामांकन को आगे बढ़ाने का फैसला किया। रिपब्लिकन सांसदों ने उनके नामांकन को आगे बढ़ाने के लिए मतदान किया, जबकि सभी डेमोक्रेट ने विरोध में वोट डाला। उनके नामांकन को अब पूर्ण सीनेट में मतदान से गुजरना होगा।
विज्ञापन
वित्त समिति में शामिल लुइसियाना से रिपब्लिकन सीनेटर एवं चिकित्सक बिल कैसिडी ने कैनेडी के नामांकन को आगे बढ़ाने के लिए मतदान किया। पिछले हफ्ते जारी सुनवाई के दौरान कैसिडी ने कैनेडी से बार-बार इस अप्रमाणित सिद्धांत को खारिज करने का आग्रह किया कि टीके ‘ऑटिज्म’ (मानसिक विकास से जुड़ी बीमारी) का कारण बनते हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
कैसिडी ने कैनेडी से कहा, ‘आपका अतीत, निराधार या भ्रामक तर्कों के साथ टीकों में विश्वास को कम करना, मुझे चिंतित करता है।’
मेन से रिपब्लिकन सीनेटर सुसान कोलिन्स, अलास्का से लिसा मुर्कोव्स्की और केंटकी से मिच मैककोनेल को संभावित तौर पर मतदान करने वाले के रूप में नहीं देखा जाता, क्योंकि उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रक्षा मंत्री पद के उम्मीदवार के खिलाफ मतदान किया था और कैनेडी के टीका-विरोधी रुख के बारे में चिंता व्यक्त की थी।