भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक सिंगापुर में 13 भारतीय जीका वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। सिंगापुर के एक निर्माण स्थल पर करीब तीन दर्जन लोग मच्छर से फैलने वाले जीका वायरस से संक्रमित पाए गए थे। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप के हवाले से कहा है, कि ''सिंगापुर में हमारे मिशन के मुताबिक सिंगापुर में 13 भारतीय जीका वायरस की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं।''
अमेरिका के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि जीका वायरस से किसी भी गर्भवती महिला के संक्रमित होने से माइक्रोसिफेली हो सकता है। इसमें छोटे सिर वाले बच्चे पैदा होते हैं। इन बच्चों में विकास से जुड़ी कई समस्याएं होती हैं। वहीं मलेशिया ने एक महिला के जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि की है।
यह मलेशिया में जीका का पहला मामला है। पीड़ित महिला सिंगापुर से लौटी है। सिंगापुर में फैले जीका संक्रमण को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया, ताइवान और दक्षिण कोरिया ने गर्भवती महिलाओं को सिंगापुर की यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।