ट्विटर के वीडियो शेयरिंग ऐप को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पिछले दिनों ट्विटर ने नया वीडियो ऐप वाइन शुरू किया था। जिसके तहत ट्विटर इस्तेमाल करने वाले छोटे वीडियो क्लिप अपलोड कर सकते हैं।
लेकिन अब इसका इस्तेमाल कर ट्विटर पर पॉर्नोग्राफ़िक सामग्रियां अपलोड की जा रही हैं, जिसकी काफ़ी आलोचना हो रही है। डेली मेल में इस संबंध में एक रिपोर्ट छपी है। अख़बार का कहना है कि ट्विटर पर नियंत्रण कम रहने और ऐसी आपत्तिजनक सामग्रियों पर रोक लगाने की व्यवस्था न होने के कारण लोग इसका ग़लत इस्तेमाल कर रहे हैं।
अख़बार ने शीर्ष टेक्नॉलॉजी मीडिया कंपनी टेक क्रंच के हवाले से लिखा है कि ट्विटर से जुड़े प्रबंधन सेंसरशिप के ख़िलाफ़ रुख़ के लिए मशहूर हैं। टेक क्रंच का कहना है कि वे तभी क़दम उठाते हैं, जब मामला क़ानूनी पेचीदगियों में उलझता है।
फ़ायदा
वाइन के इस्तेमाल में आते ही देखा जा रहा है कि पॉर्न सामग्री फैलाने वाले सक्रिय हो गए हैं और वे इसका फ़ायदा उठा रहे हैं। अख़बार का कहना है कि वाइन के इस्तेमाल की शर्तों में खुलकर ये नहीं कहा गया है कि वे ऐसी सामग्रियों पर पूर्ण पाबंदी लगा दी जाएगी।
अभी तक वाइन का इस्तेमाल करने वालों को एक सहूलियत दी गई है कि वे एक बटन का इस्तेमाल करके वीडियो को अनुचित बता सकते हैं। लेकिन इस बटन के इस्तेमाल करने का मतलब ये नहीं है कि ट्विटर से इस वीडियो को हटा दिया जाएगा। बल्कि ट्विटर पर इस वीडियो से जुड़ी चेतावनी आ जाएगी। लेकिन वीडियो ट्विटर पर बना रहेगा।