पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का दावा है कि उड़ी में हुआ आतंकी हमला कश्मीर में हालात को लेकर लोगों की ‘प्रतिक्रिया’का नतीजा है। साथ ही शरीफ ने ‘सबूतों के बिना’ पाकिस्तान पर दोषारोपण करने को लेकर भारत की निंदा की है।
शरीफ ने शुक्रवार को लंदन में कहा, ‘उड़ी हमला कश्मीर में ज्यादतियों की प्रतिक्रिया हो सकता है, क्योंकि पिछले दो महीनों में मारे गए लोगों और अपनी आंखें गंवाने वाले लोगों के प्रियजन एवं निकट संबंधी आहत एवं गुस्से में हैं।’
शरीफ संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र में भाग लेने के बाद न्यूयार्क से आते समय लंदन में रुके थे। शरीफ ने कहा कि भारत ने बिना किसी जांच के पाकिस्तान को जल्दबाजी में दोषी ठहरा दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को ‘बिना किसी सबूत’ के जिम्मेदार ठहराकर ‘गैरजिम्मेदाराना तरीके’से व्यवहार किया है।