संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून
- फोटो : getty images
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया महीनों में नियंत्रण रेखा पर बढ़े तनाव पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को बातचीत के जरिये मतभेद समाप्त करना चाहिए। मून का दस साल का कार्यकाल इस महीने समाप्त हो रहा है।
मून के सहायक प्रवक्ता फरहान हक ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि महासचिव ने इस मुद्दे पर युक्तिसंगत रुख बनाये रखा है। हमने पिछले महीने भी नियंत्रण रेखा पर बढ़े तनाव पर चिंता जताई थी। महासचिव ने दोनों देशों की सरकारों से धीरज से काम लेने तथा बातचीत के जरिये शांतिपूर्ण तरीके से मतभेदों का हल निकालने के लिए प्रोत्साहित किया था।
पाकिस्तान के एक पत्रकार द्वारा महासचिव के भारत-पाकिस्तान तनाव पर अपने कार्यकाल के दौरान बोलने से बचने की बात पर हक ने असहमति व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मैं आपसे असहमत हूं। हमने कई बयान दिये हैं जिनमें भारत और पाकिस्तान के संबंधों तथा विशेषकर कश्मीर का जिक्र था। अंतिम बयान भी कुछ ही सप्ताह पहले दिया गया था।