ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे ने घोषणा की है कि वो संसद से आम चुनाव कराने की सिफारिश करेंगी। इस घोषणा से पहले ब्रिटेन में कंजरवेटिव सरकार की अवधि 2020 तक थी। टेरीजा मे ने कहा, ''हमारा इरादा है कि सरकार को आम चुनाव बुलाना चाहिए। ब्रिटेन को स्थायित्व चाहिए। ब्रिटेन यूरोपीय संघ से बाहर आ रहा है और उस फैसले को बदला नहीं जा सकता है।" उन्होंने ये घोषणा कैबिनेट की बैठक के बाद की है।
हाल ही में उन्होंने यूरोपीय संघ से अलग होने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू करने से संबंधित अध्यादेश पर हस्ताक्षर किए थे। बीबीसी की राजनीतिक संपादक लॉरा कुएंसबर्ग ने बताया कि उन्हें एक सूत्र ने बताया था कि प्रधानमंत्री आठ जून को समय पूर्व आम चुनाव कराने की घोषणा कर सकती हैं। हालांकि टेरीजा मे के कार्यालय ने अब से पहले हमेशा ही इस बात का खंडन किया कि प्रधानमंत्री 2020 से पहले आम चुनाव कराएंगी।
ब्रिटेन के 'फिक्स्ड टर्म पार्लियामेंट्स एक्ट' के अनुसार, आम चुनाव हर पांच साल बाद मई के महीने में कराए जाते हैं और अगला चुनाव 2020 में होना था। अगर कॉमन्स में दो तिहाई सासंद इस बात पर सहमत हो जाते हैं तो चुनाव पहले कराए जा सकते हैं। जेरेमी कोर्बिन पहले ही संकेत दे चुके हैं कि लेबर पार्टी ऐसे किसी भी कदम का समर्थन करेगी।