फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीरियाई विमान पर रूसी गोलाबारूद था: तुर्की

Sat, 13 Oct 2012 10:58 AM IST
बीबीसी हिन्दी
विज्ञापन
विज्ञापन
तुर्की के प्रधानमंत्री के मुताबिक ये हथियार सीरिया के रक्षा मंत्रालय को भेजे जा रहे थे। सीरिया में पिछले डेढ़ साल से राष्ट्रपति बशर अल असद के खिलाफ विद्रोह चल रहा है। एर्दोआन ने कहा, “यात्री विमान में गोलाबारूद और रक्षा उपकरण नहीं ले जाए जा सकते। दुर्भाग्य से विमान पर ऐसे उपकरण पाए गए।”
विज्ञापन


रूस की राजधानी मॉस्को से आ रहे इस विमान को तुर्की के लड़ाकू विमानों ने बुधवार को अंकारा में उतरने के लिए मजबूर कर दिया था। लेकिन सीरिया और रूस ने इन आरोपों से इनकार किया है कि विमान पर गैरकानूनी सामान था। उल्टे उन्होंने तुर्की पर विमान पर सवार लोगों की जिंदगी को खतरे में डालने का आरोप लगाया है।

आरोप-प्रत्यारोप
तुर्की की राजधानी अंकारा के इसेनबोगा हवाई अड्डे पर बुधवार को जिस सीरियाई विमान एयरबस ए-320 को उतारा गया, उसमें लगभग 30 लोग सवार थे जबकि उसमें 180 यात्रियों को बिठाने की जगह होती है। तुर्की का कहना है कि उसे खुफिया जानकारी मिली थी कि इस विमान पर गैरकानूनी सामान ले जाया जा रहा है।
विज्ञापन


अंकारा में प्रधानमंत्री एर्दोआन ने कहा, “एक रूसी एजेंसी की तरफ से सीरिया के रक्षा मंत्रालय को गोलाबारूद और सैन्य उपकरण भेजे जा रहे हैं। उनकी जांच हो रही है जिसके बाद जरूरी कदम उठाए जाएंगे।” दूसरी तरफ रूस की सरकारी हथियार निर्यात एजेंसी रोसोबोरोनएक्पोस्ट पहले ही कह चुकी है कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि सीरियाई विमान पर क्या सामान जा रहा है। उसके मुताबिक इस विमान से उसका कोई लेना देना नहीं है। इस बीच सीरिया के परिवहन मंत्री महसूद सईद ने तुर्की पर नागरिक उड्ड्न समझौतों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।

रिश्तों का इम्तिहान
तुर्की पहले ही सीरिया को हथियारों की आपूर्ति पर रोक लगा चुका है। तुर्क विदेश मंत्री अहमत दावातोग्लु का कहना है कि उनका देश अपने वायुक्षेत्र से सीरिया में हथियार नहीं जाने देगा।

सीरिया में विद्रोह
सीरिया में जब से बशर अल असद के खिलाफ विद्रोह शुरू हुआ है, तब से रूस सीरियाई सरकार का साथ दे रहा है जबकि तुर्की असद सरकार का कड़ा आलोचक रहा है।

सीरियाई सीमा के पास दक्षिणी तुर्की में मौजूद बीबीसी संवाददाता जेम्स रेनोल्ड्स का कहना है कि विरोधाभासी रूख अपनाने के बावजूद तुर्की और रूस एक दूसरे के करीबी सहयोगी रहे हैं और उनके व्यापारिक रिश्ते भी मजबूत हैं। ऐसे में मौजूदा विवाद दोनों देशों के रिश्तों के लिए एक इम्तिहान है।

दूसरी तरफ सीरिया की राजधानी दमिश्क के केंद्र में एक सुरक्षा इमारत के पास एक जोरदार धमाका हुआ है। सीरियाई मीडिया ने बताया है कि इस हमले में दो लोग घायल हो गए हैं. इसके लिए विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया गया है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें