अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अमेरिकन यूनिवर्सिटी के अंदर आतंकवादी (चरमपंथी) हमला हुआ है। खबरों के मुताबिक हमलावर परिसर में दाखिल हुए और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कम से कम एक धमाका हुआ है और गोलीबारी की आवाजें सुनी जा सकती हैं।
परिसर के अंदर से एक पत्रकार ने ट्वीट किया है कि वह जख़्मी हो गया है और उसने मदद की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि स्पेशल फोर्स परिसर की ओर जा रहे हैं और स्थिति बहुत गंभीर है। यूनिवर्सिटी के एक छात्र अहमद मुख्तार ने बीबीसी से कहा कि हमले के वक्त वो वहां से महज 100 मीटर दूर थे। मुख्तार ने कहा कि जब वो घर की तरफ जा रहे थे तो उन्हें 6-7 गोलियों की आवाजे सुनीं और फिर एक बड़ा धमाका हुआ।
धमाके से इस क़दर रोशनी हुई कि पूरा इलाक़ा इसमें नहा उठा। उन्होंने कहा कि उसके बाद परिसर में और फायरिंग हुई और उन्होंने छात्रों की चीख पुकार भी सुनीं।