सीरिया में विपक्षी कार्यकर्ताओं का कहना है कि राजधानी दमिश्क के दक्षिण पूर्वी जिले जारामाना में दो कार बम धमाकों में कम से कम 29 लोग मारे गए हैं।
सरकारी समाचार एजेंसी सना ने कहा है कि जारामाना में हुए धमाकों में “आतंकवादियों” का हाथ है। टीवी पर दिखाई गई तस्वीरों में धमाकों के कारण आसपास की कई इमारतों को भी नुकसान हुआ है।
जारामाना में मौजूद बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इससे पहले बुधवार को वहां सरकारी बलों और विद्रोहियों के बीच झड़पें भी हुईं। सीरिया के आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में संघर्ष तेज हो रहा है।
सीरिया में डेढ़ साल से भी ज्यादा समय से राष्ट्रपति बशर अल असद की सरकार के खिलाफ विद्रोह चल रहा है जिसमें अब तक 40 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने का अनुमान है।
सीरिया में संघर्ष
सरकार समर्थक टीवी चैनल 'अदोनिया' का कहना है कि धमाके स्थानीय समय के अनुसार सुबह साढ़े छह बजे हुए। वहीं सना की रिपोर्ट में कहा गया है कि आतंकवादियों ने विस्फोटकों के लदी दो कारों को कस्बे के केंद्रीय इलाके में उड़ा दिया। इन धमाकों में कई स्थानीय नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं।
ब्रिटेन स्थित मानवाधिकार संगठन सीरियन ऑबजर्वेट्री ऑफ ह्यूमन राइट्स का कहना है कि धमाकों में कम से कम 29 लोग मारे गए हैं और दर्जनों घायल हुए हैं। सना ने खबर दी है कि उसी समय जारामाना में दो और धमाके हुए जिनमें किसी की जान नहीं गई है। इससे पहले 20 अक्टूबर को जारामाना में हुए कार बम धमाके में 11 लोग मारे गए थे।