सीरिया में रविवार को अल-क़ायदा से जुड़े विद्रोहियों के एक बड़े कंमाडर की अलेप्पो में एक आत्मघाती हमले में मौत हो गई है। विपक्षी कार्यकर्ताओं के मुताबिक़ कमांडर अबु खालेद अल-सूरी के संगठन अहरार अल-शाम के ठिकाने पर हुए हमले में कई और लोग भी मारे गए हैं। माना जा रहा है कि इस हमले के पीछे एक और विद्रोही संगठन 'दि इस्लामिक स्टेट ऑफ़ इराक़ एंड द लेवांट' यानी आईएसआईएस का हाथ है।
आईएसआईएस की सीरिया में दूसरे विद्रोही संगठनों के साथ खूनी जंग चल रही है। जनवरी की शुरुआत से आईएसआईएस की दूसरे विद्रोही गुटों के साथ हिंसक झड़पें हुई हैं जिनमें दोनों पक्षों के सैकड़ों लड़ाके मारे गए हैं। अहरार अल-शाम एक चरमपंथी विद्रोही गुट है और सात संगठनों के शक्तिशाली इस्लामिक फ्रंट का घटक है।
विद्रोही सूत्रों के मुताबिक़ एक या दो हमलावर अलेप्पो में अहरार अल-शाम के मुख्यालय में घुस गए थे और उन्होंने इस हमले को अंजाम दिया। माना जाता है कि अल-सूरी सीरिया में अल-क़ायदा के सरगना आयमान अल जवाहिरी के ख़ास आदमी थे। ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद जवाहिरी ने अल-क़ायदा की कमान संभाली थी। उन्होंने कहा कि अल-सूरी की मौत आईएसआईएस और दूसरे विद्रोही गुटों के बीच संघर्ष के और तेज़ होने की संभावना है।