संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार एजेंसी की प्रमुख कहा है कि सीरिया के संघर्ष में अप्रैल तक 1,91,000 लोगों से भी ज़्यादा की मौत हो चुकी है।
नवी पिल्लै ने कहा कि ये आंकड़े 'शायद एक अनुमान' हों। उन्होंने इस मुद्दे पर 'अंतरराष्ट्रीय अकर्मण्यता' की आलोचना भी की। ये आंकड़े साल भर पहले संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी अनुमान के दोगुने से भी ज़्यादा हैं।
सीरिया में विद्रोही गुट राष्ट्रपति बशर अल असद की सत्ता के खिलाफ तीन सालों से भी ज्यादा अर्से से संघर्ष कर रहे हैं लेकिन हाल के महीनों में उनकी ताकत कमजोर पड़ी है।
संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी की गई रिपोर्ट चार अलग-अलग निगरानी समूहों और सीरियाई सरकार की ओर से मुहैया कराए गए आंकड़ों पर आधारित है। बाद में इसकी पुष्टि की गई है।