विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांज के खिलाफ सात साल से जारी रेप के एक मामले की जांच को स्वीडन के अभियोजक कार्यालय ने बंद करने का फैसला किया है। शीर्ष अभियोजक ने कहा कि यह फैसला लिया गया क्योंकि निकट भविष्य में असांज की गिरफ्तारी की कोई संभावना नहीं है।
वर्ष 2012 से इक्वाडोर के लंदन स्थित दूतावास में शरण लिए असांज के लिए यह बड़ी न्यायिक जीत है। स्वीडन के लोक अभियोजक कार्यालय के लिए असांज के खिलाफ पूरे यूरोप में लागू गिरफ्तारी वारंट का नवीकरण करने या उसे निरस्त करने का शुक्रवार को आखिरी दिन था।
अगस्त 2010 में पीड़ित ने आरोप लगाया था कि सोते समय असांज ने उसके साथ जबरन असुरक्षित सेक्स किया था। असांज ने अपने आपको पूरी तरह निर्दोष बताते हुए आरोप को राजनीतिक ठहराया था और कहा था कि दोनों के बीच सहमति से संबंध बने थे।
अभियोजक कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा कि लोक अभियोजन के निदेशक मैरियन नाय ने जूलियन असांज द्वारा संदिग्ध बलात्कार के मामले की जांच को खत्म करने का फैसला किया है। इस फैसले के थोड़ी ही देर बाद असांज ने ट्वीटर पर अपनी मुस्कुराती हूुई एक फोटो पोस्ट की। असांज के वकील पेर सैमुअलसन ने कहा कि यह हमारी जीत है। निश्चित तौर पर असांज इस फैसले से खुश हैं और राहत महसूस कर रहे हैं।