यमन में आतंकी संगठन आईएस द्वारा 18 महीने पहले अगवा किए गए केरल के कैथोलिक पादरी टॉम उझुन्नैल को सकुशल छुड़ा लिया गया है। वे वेटिकन सिटी पहुंच चुके हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
उन्हें लंबे प्रयास के बाद ओमान और यमन सरकार की सहायता से रिहा कराया गया। पिछले साल मार्च में यमन के दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में मिशनरियों द्वारा संचालित एक वृद्धाश्रम पर आईएस के जिहादियों ने हमला बोल दिया था, जिसमें चार नन समेत 16 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से टॉम उझुन्नैल लापता थे।
भारत सरकार तब से उनकी रिहाई के लिए प्रयासरत थी। पादरी की रिहाई के सूचना देते हुए विदेश मंत्री ने कहा, ‘मुझे यह सूचना देने में खुशी हो रही है कि फादर टॉम उझुन्नैल को मुक्त करा लिया गया है।’ देर शाम सुषमा ने जानकारी दी कि फादर उझुन्नैल वेटिकन पहुंच गए हैं।
इससे पहले ओमान की आधिकारिक न्यूज एजेंसी ने कहा कि फादर का पता लगाने और उन्हें छुड़ाने में सफलता मिल गई है। वह मस्कट पहुंच गए हैं। एजेंसी के मुताबिक फादर ने ओमान के सुल्तान काबूस बिन सैयद का आभार जताया। अगवा किए जाने के बाद पादरी ने एक वीडियो के माध्यम से रिहाई के लिए भावुक अपील की थी।