जिंबाब्वे में एक स्टेडियम में धार्मिक कार्यक्रम के बाद मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार क्वेक्वे कस्बे में चार लोगों की मौत स्टेडियम में ही हो गई थी जबकि सात अन्य को अस्पताल लाए जाने पर मृत घोषित किया गया।
यह भगदड़ तब मची जब स्टेडियम में एकत्र हजारों श्रद्धालु लोकप्रिय पेनटेकोस्टल प्रीचर (उपदेशक) वाल्टर मगाया के कार्यक्रम के बाद जाने के लिए जल्दबाजी करने लगे। मगाया लोगों को चमत्कार के जरिए ठीक करने का दावा करते हैं।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने स्टेडियम से बाहर जाने के ज्यादातर रास्ते बंद कर दिए थे और जब लोग एकमात्र खुले रास्ते से बाहर जाने के लिए संघर्ष कर रहे थे तो उन पर आंसूगैस के गोले दागे गए।
पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागने से इनकार किया है।
प्रोफेटिक हीलिंग और डिलिवरनेस (पीएचडी) सेवा के प्रमुख मगाया ने एक स्थानीय समाचार पत्र से कहा कि जिस समय उन्हें मौतों की जानकारी मिली तो वह "मेरी जिंदगी का सबसे दुखद पल था"।
वह जिंबाब्वे के सबसे लोकप्रिय प्रीचर बताए जाते हैं।