नाइजीरिया में बोको हराम के चरमपंथियों ने जिन 200 छात्राओं को अगवा किया था उनमें से क़रीब 50 लड़कियां किसी तरह से उनके चंगुल से निकलने में कामयाब हो गई हैं। अगवा की गई छात्राओं की रिहाई के लिए चिबोक में हुए प्रदर्शन में इनमें से कुछ लड़कियाँ भी शामिल हुईं।
प्रदर्शन में शामिल लड़कियों से जब बात की गई तो उनमें से एक ने बताया, "अपहरणकर्ता चरमपंथियों ने कहा कि अगर हमने भागने की कोशिश की तो वे गोली मार देंगे। लेकिन मैं कूद कर भाग गई और एक पेड़ के नीचे रात भर छुपी रही।"
एक अन्य लड़की ने बताया, "स्कूल में आग लगाने के बाद हमें 10 ट्रकों में लाद कर जंगल की ओर ले जाया जाने लगा। उसी समय मैं भाग खड़ी हुई और अपहरणकर्ताओं से बचने के लिए तब तक दौड़ती रही जब तक घर नहीं पहुंच गई।"