लंदन के एक स्कूल की एक टीचर ने अजीबो-गरीब हरकत की है। उसने बच्चों को जो होमवर्क दिया उसे जानकर हर कोई हैरान है। टीचर पर आरोप है कि उसने करीब 60 बच्चों को घर से सुसाइड नोट लिखकर लाने के लिए कहा। मासूम बच्चों को सुसाइड नोट लिखने का होमवर्क दिए जाने पर कड़ा विरोध जताया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिन बच्चों को ये सुसाइड नोट लिखने को कहा गया, वो सभी शेक्सपरियर के एक मश्हूर नाटक मैकबथ से जुड़े हुए हैं। किडब्रूक स्थित थॉमस टैलिस स्कूल की प्रिसिंपल ने इस पर माफी मांगी है।
इस ग्रुप की एक बच्ची की मां ने विरोध जाहिर करते हुए कहा कि उनकी बच्ची की दोस्त ने हाल ही में सुसाइड किया था और फिर से उनकी बेटी के सामने ऐसे हालात आने पर वो बहुत परेशान है। मां ने बताया कि उनकी बच्ची इस बात से काफी दुखी हो गई है।
उन्होंने ये भी कहा कि उनकी बेटी कुछ भी नहीं छुपाती है, लेकिन क्लास में कुछ ऐसे भी बच्चें हो सकते हैं, जो अपनी बात माता-पिता के आगे नहीं रख पाते हैं। इसलिए इसके खिलाफ सख्त कदम उठाना बेहद जरूरी है। एक बच्चे के पिता ने कहा कि शेक्सपियर से जुड़ी चीजें बच्चों को पढ़ाया जाना ठीक है, लेकिन ऐसी एक्टिविटिज को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हालांकि, स्कूल ने इस पर माफी मांग ली है, लेकिन बच्चों के घर वाले इस सब के बाद चिंता में हैं।