सर्गेई स्क्रिपल और यूलिया स्क्रिपल
- फोटो : EPA
पूर्व रूसी जासूस सर्गेई स्क्रिपल के कत्ल की कोशिश का मामला ताजा घटनाक्रम से नया मोड़ ले सकता है। रूस के सरकारी टेलीविजन ने एक ऐसा फोन कॉल सार्वजनिक किया है, जिसके बारे में उसका दावा है कि ये बातचीत यूलिया स्क्रिपल और उनके एक रिश्तेदार के बीच है।
मार्च में नर्व अटैक के बाद सर्गेई स्क्रिपल और उनकी बेटी यूलिया स्क्रिपल सैलिसबरी के अस्पताल में हैं। कथित फोन रिकॉर्डिंग में यूलिया अपने रिश्तेदार से कह रही हैं कि वो ठीक हैं। हालांकि अभी तक इस फोन रिकॉर्डिंग की पुष्टि नहीं हो पाई है।
ब्रिटेन की सरकार ने सर्गेई स्क्रिपल पर हुए हमले को अंजाम देने का इलजाम रूस पर लगाया है। लेकिन ब्रिटेन में रूस के राजदूत का कहना है कि मॉस्को के के पास नर्व गैस का कोई स्टॉक नहीं है।
सर्गेई स्क्रिपल का मामला ब्रिटेन और रूस के बीच इस कदर तूल पकड़ा कि ये एक अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक संकट में बदल गया। इस कथित फोन रिकॉर्डिंग में यूलिया अपनी रिश्तेदार विक्टोरिया स्क्रिपल से कह रही हैं, "यहां सबकुछ ठीक है। पापा आराम कर रहे हैं, वे सो रहे हैं। हमारी सेहत ठीक है। ऐसा कोई नुकसान नहीं हुआ है जो ठीक न हो सके। हॉस्पिटल से हमें जल्द ही छुट्टी मिल जाएगी।"
विक्टोरिया स्क्रिपल ने इस कथित बातचीत में वीजा मिलने की सूरत में ब्रिटेन जाकर रिश्तेदारों से मिलने की उम्मीद जताई। इस पर यूलिया ने कथित तौर पर विक्टोरिया को जवाब दिया कि उन्हें कोई वीजा नहीं देने जा रहा है। रूसी न्यूज एजेंसी इंटरफैक्स ने विक्टोरिया के हवाले से ये भी कहा है कि उनकी यूलिया से बात हुई है और वहां सबकुछ ठीक है।
विक्टोरिया स्क्रिपल परिवार की करीबी रिश्तेदारों में गिनी जाती हैं। सैलिसबरी के हॉस्पिटल में यूलिया की सेहत ठीक बताई जा रही है और उनके 66 वर्षीय पिता सर्गेई की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर है।