कम्युनिस्ट नेता फिदेल कास्त्रो को श्रद्धांजलि देने के लिए गृहमंत्री राजनाथ के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल हवाना पहुंचा। इसमें सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी, सीपीआई (एम) के वरिष्ठ नेता डी राजा और कांग्रेस नेता आनंद शर्मा समेत अन्य शामिल हैं।
वहीं, फिदेल कास्त्रो के अस्थिकलश को पूरे क्यूबा में ले जाने से पहले काफी संख्या में लोगों ने लैटिन अमेरिकी और अफ्रीकी नेताओं के साथ मिलकर विशाल रैली निकाली। हवाना का रिवॉल्यूशन स्क्वायर मैदान भीड़ से खचाखच भरा रहा, लोगों ने ‘क्रांति अमर रहे’ और ‘फिदेल...फिदेल’ के नारे लगाए। इस मैदान में क्रांतिकारी नेता फिदेल कास्त्रो ने कई यादगार भाषण दिए थे।
बुधवार को रैली के बाद सैन्य वाहन फिदेल के अस्थिकलश को लेकर हवाना से रवाना हो गए। यह अस्थिकलश पूरे क्यूबा की यात्रा करके सैंटियागो पहुंचेगा। यह यात्रा चार दिन तक चलेगी। इस बीच सड़कों के किनारे भारी संख्या में खड़े लोग अपने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते नजर आए।