लंदन के पाकिस्तानी मूल के मेयर सादिक खान ने अपने डिप्टी मेयर के तौर पर भारतीय मूल के बिजनेसमैन राजेश अग्रवाल को नियुक्त किया है। सादिक खान ने चार डिप्टी मेयर नियुक्त किए हैं। उनमें राजेश अग्रवाल बिजनेस संबंधी मामलों पर नजर रखेंगे। ब्रिटेन के ईयू से निकलने संबंधी जनमत संग्रह के बाद यह पद खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
39 वर्षीय बिजनेसमैन राजेश अग्रवाल भारत के इंदौर शहर में पैदा हुए और अब वो लंदन में विदेशी मुद्रा एक्सचेंज कंपनी रैशनलएफएक्स कंपनी के मालिक हैं।
इस कंपनी का सालाना बिजनेस नौ करोड़ पाउंड से अधिक का है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैसों के ट्रांसफर की सेवा जेंडपे की शुरुआत करने वाले राजेश अग्रवाल को संडे टाइम्स ने अपने सबसे धनी लोगों की सूची में रखा था।