ऑस्ट्रेलिया में एक दुकान से 17 फ़ुट लंबा अजगर बरामद किया गया है, जो छत से दुकान के फर्श पर आ गिरा था।
पुलिस क्वींसलैंड राज्य के इंघाम इलाके में स्थित इस दुकान में संदिग्ध सेंधमारी की जांच कर रही थी कि उसे 17 किलो वजन वाले सांप के बारे में पता चला। बाद में सांपों के एक विशेषज्ञ ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस प्रवक्ता सार्जेंट डॉन ऑल्ड ने बताया, "इसका सिर एक छोटे कुत्ते के सिर के बराबर था।"
ये सांप छत से नीचे गिरा जिससे दुकान में रखा सामान टूट गया। पुलिस के अनुसार हो सकता है कि ये सांप 2011 में आए यासी नाम के चक्रवात में टूटी छत से दुकान में घुसा हो।
पुलिस को भ्रम
जब पहली बार पुलिस को बुलाया गया तो उसे लगा कि किसी व्यक्ति के छत से गिरने का मामला है क्योंकि छत की पट्टी आधी टूटी हुई थी।
दुकान के फर्श पर चीनी मिट्टी के बर्तन, कपड़े और अन्य सामान फर्श पर बिखरे पड़े थे।
जब पुलिस को अगले दिन बुलाया गया तो दुकान के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा थी।
सार्जेंट ऑल्ड ने बताया कि जब पुलिस वहां पहली बार गई थी तो हो सकता है कि सांप कहीं छिपा हुआ हो। इसलिए उसे किसी व्यक्ति के गिरने का भ्रम हुआ।
बाद में इस अजगर को पास ही के जंगल में छोड़ दिया गया।