मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि सार्वजनिक स्थान अक्सर समाज में पहले से मौजूद असमानताओं को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि नए बुनियादी ढांचे का निर्माण न केवल वकीलों और न्यायाधीशों के लिए अच्छा है, बल्कि इसका उद्देश्य हमारे समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचना भी है।
सीजेआई चंद्रचूड़ बुधवार को यहां राजेंद्रनगर में तेलंगाना हाईकोर्ट की नई इमारत की आधारशिला रखते हुए यह बात कही। उन्होंने डिजिटल मोड में राज्य में 32 ई-सेवा केंद्रों का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे का निर्माण उन समुदायों और समूहों को मुख्यधारा में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिन्हें परंपरागत रूप से न्यायिक प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।
उन्होंने आगे कहा, हमारा बुनियादी ढांचा कभी-कभी अलगाव के सूक्ष्म संकेतों को दर्शाता है, जैसे कि महिलाओं के लिए शौचालय की कमी, जिसका मैंने पहले उल्लेख किया था, दिव्यांगों के रैंप, माताओं के लिए शिशुगृह और स्तनपान कक्ष।