तुर्की के अधिकारियों के मुताबिक कुर्द समर्थित विपक्षी राजनीतिक पार्टी पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (एचडीपी) के दो नेताओं सेलाहतीन देमिरताश और फिगेन युकसेकदग समेत 11 सांसदों को हिरासत में ले लिया है।
तुर्की अनाडोलू न्यूज एजेंसी ने सुरक्षा स्रोतों के हवाले से बताया है कि पुलिस ने आतंक निरोधक एक जांच के तौर पर सेलाहतीन देमिरताश और फिगेन युकसेकदग के घरों में छापा मारा और उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान तुर्की में फेसबुक, ट्विटर, यू-ट्यूब और वॉट्सऐप पर भी रोक लगा दी गई।
इन सोशल साइट्स को प्रतिबंधित करने से पहले देमिरताश ने अपनी गिरफ्तारी का ट्वीट किया था। मौजूदा समय में विदेश में रह रहे पार्टी के एक अन्य सांसद एरटूल ने बीबीसी से कहा, "ये गिरफ्तारियां पूरी तरह से गैरकानूनी हैं। ये एक तरह से हमारी पार्टी के सांसदों का अपहरण है।" उन्होंने आगे कहा, "तुर्की की सरकार नाजियों की तरह तानाशाही की तरफ बढ़ रही है।" इस साल जुलाई में तुर्की में हुई नाकाम तख्ता पलट की कोशिश के बाद से ही तुर्की में उथल-पुथल का माहौल है।