इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ऊपर से देश में जल्द चुनाव कराने का संकट सोमवार को टल गया। उनकी सरकार में शिक्षा मंत्री नाफ्ताली बेनेट ने कहा कि फिलहाल उनकी जुइश होम पार्टी गठबंधन से अलग नहीं होगी।
हालांकि बेनेट ने साफ किया कि यदि नेतन्याहू ने हमास के साथ संघर्ष विराम जैसे फैसलों पर पुन: विचार नहीं किया तो उनकी पार्टी जरूर ही गठबंधन से अलग हो जाएगी। बता दें कि इस संघर्ष विराम के विरोध में रक्षा मंत्री एविगडोर लिबरमैन पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं और उनकी पार्टी ने नेतन्याहू सरकार से समर्थन वापस ले लिया है।
ऐसे में यदि नाफ्ताली की पार्टी भी गठबंधन से अलग हो जाती तो देश में जल्द चुनाव कराने पड़ सकते थे। इस बीच नेतन्याहू ने बयान जारी कर कहा कि संसद को भंग करके जल्द चुनाव कराना ‘गैर जिम्मेदाराना’ कदम साबित हो सकता है। उन्होंने पार्टियों से अपील की थी कि वह गठबंधन को कमजोर नहीं करें।