सीपीएन-माओवादी के अध्यक्ष पुष्प कमल दहल प्रचंड ने बृहस्पतिवार को नेपाली कांग्रेस नेताओं के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें वाम गठबंधन को ‘सत्तावादी’ करार दिया गया था। प्रचंड ने कहा कि उनका वाम गठबंधन संविधान के तहत राष्ट्र की अगुवाई करेगा।
पूर्व प्रधानमंत्री प्रचंड के नेतृत्व वाले सीपीएन-माओवादी और पूर्व प्रधानमंत्री केपी ओली के नेतृत्व वाले सीपीएन-यूएमएल ने दोनों प्रांतीय और संसदीय चुनावों में बहुमत हासिल की है और वह केंद्र में सरकार बनाने जा रही है। प्रचंड ने कहा, ‘मैं उन दोस्तों के बारे में कुछ नहीं कहना चाहता हूं, जो अफवाह फैला रहे हैं और गलत प्रचार कर रहे हैं। हम संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य के संविधान की भावना के खिलाफ नहीं जाएंगे। हम संविधान के तहत देश का नेतृत्व करेंगे।’
पढ़ें- भारत से हमारे रिश्ते अच्छे थे और आगे भी रहेंगे : प्रचंड
गौरतलब है कि वाम गठबंधन को नेपाल की संसद यानी प्रतिनिधि सभा की 165 प्रत्यक्ष चुनाव वाली सीटों में दो-तिहाई से अधिक यानी 116 सीटें हासिल हुई हैं। सीपीएन-यूएमएल को 80 सीटें हासिल हुई हैं, जो कुल सीटों का 50 फीसदी है। जबकि सीपीएन-माओवादी और नेपाली कांग्रेस को क्रमश: 36 और 23 सीटें मिली हैं। वाम गठबंधन केंद्र में सरकार बनाने जा रही है।