एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस के परिवार ने अपने आप को उनके पिता के उस बयान से अलग कर लिया है कि बढ़ते अपराध की वजह से दक्षिण अफ्रीका में बंदूक रखना जरूरी है।
ऑस्कर पिस्टोरियस पर अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या का मुकदमा चल रहा है। उनके पिता हेनके पिस्टोरियस ने ब्रिटेन के टेलीग्राफ अखबार के साथ बातचीत में कहा है कि उनके बेटे को बंदूक की जरूरत इसलिए थी, क्योंकि हुकूमत गोरे लोगों की हिफ़ाज़त का इंतजाम नहीं करती।
'समाज का रुख़'
अखबार में कहा गया है, "कुछ बंदूकें शिकार के लिए और कुछ हिफाजत के लिए रखी जाती हैं। एएनसी की सरकार से इसके माध्यम से बात की जाती है, देखिए गोरों के खिलाफ अपराध कितना बढ़ गया है, इस मुल्क में सुरक्षा के इंतजाम इतने ख़राब क्यों है? ये हमारे समाज का एक रुख है।
समाचार एजेंसी एएफपी ने परिवार के हवाले से कहा है कि वो इस बयान पर बहुत चिंतित हैं। परिवार के प्रवक्ता आर्नोल्ड पिस्टोरियस ने कहा है कि परिवार के पास शिकार में इस्तेमाल होने वाले हथियार हैं।
हेनके का बयान ऑस्कर या परिवार के बयान के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। पर्यवेक्षकों का कहना है कि 1994 के बाद से मुल्क में अपराध का दर बहुत बढ़ा है। हालांकि सरकार का कहना है कि हाल के सालों में अपराध कम हुआ है।