खूंखार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने मुंबई हमले की स्टाइल में पेरिस हमले को अंजाम दिया था। यही वजह थी कि आईएस आतंकियों ने पेरिस आतंकी हमले से पहले 26/11 मुंबई हमले समेत अन्य आतंकी वारदातों का गहन अध्ययन किया था, ताकि ज्यादा संख्या में लोगों को मौत के घाट उतारा जा सके और विनाश किया जा सके। यह कहना है कि संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों का। मालूम हो कि आईएस के आतंकियों ने 13 नवंबर 2015 को पेरिस में सिलसिलेवार आतंकी हमलों को अंजाम दिया था।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की प्रतिबंधित समिति के समक्ष पेश की गई ‘एनालिटिकल सपोर्ट एंड सैंक्शन्स मॉनिटरिंग टीम’ की 18वीं रिपोर्ट में कहा गया कि पेरिस और ब्रसेल्स में आईएस आतंकियों के हमलों का अंदाज हू-ब-हू मुंबई हमले की तरह ही था। यूएन सदस्य देशों का कहना है कि आतंकियों ने बेहद चालाकी से खतरनाक सिलसिलेवार हमले का तरीका अपनाया।
खास बात यह है कि मुंबई हमले और पेरिस हमले में मरने वालों लोगों की संख्या भी करीब-करीब समान ही थी। पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा की ओर से किए गए मुंबई हमले में 160 से ज्यादा लोगों की जान गई थी, जबकि पेरिस हमले में कम से कम 130 लोगों की मौत हुई थी।