फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

26/11 मामले की सुनवाई में तेजी लाए पाकिस्तान: भारत

Wed, 26 Sep 2012 11:55 PM IST
बांदोस द्वीप/माले/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
भारत ने पाकिस्तान से 26/11 मुंबई हमले के दोषियों के खिलाफ चल रही सुनवाई में तेजी लाने को कहा है। पड़ोसी मुल्क से मुंबई हमलावरों के आकाओं के आवाज के नमूने सौंपने तथा सीमा पार से आतंकवाद पर अंकुश लगाने को भी कहा गया।
विज्ञापन


मालदीव में दक्षेस देशों के गृह मंत्रियों की बैठक से अलग अपनी पहली मुलाकात में गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे और उनके पाकिस्तानी समकक्ष रहमान मलिक ने द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की दिशा में और अधिक प्रयास करने का संकल्प लिया। शिंदे ने मुंबई हमले में शामिल अपराधियों को जल्द सजा दिलाने की मांग की।

एक अधिकारी के मुताबिक, गृह मंत्री रहमान मलिक ने पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को दोहराया और यह सुनिश्चित किया कि देश में चल रही मुंबई हमला मामले की सुनवाई तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचेगी। इस दौरान मलिक ने पाक न्यायिक आयोग की दूसरी भारत यात्रा की जरूरत पर बल दिया।
विज्ञापन


शिंदे ने उनकी इस मांग पर जल्द जवाब देने का आश्वासन दिया है। गौरतलब है कि नई दिल्ली लश्कर ए ताइबा कमांडर जकीउर रहमान लखवी और छह अन्य पाकिस्तानी संदिग्धों के खिलाफ चल रही सुनवाई में देरी पर चिंतित है। इन पर मुंबई हमले में शामिल होने का आरोप है। पाकिस्तान में कभी जज के मौजूद न रहने तो कभी गवाहों के उपलब्ध न होने के कारण सुनवाई बार-बार टाली जा रही है।

दोनों नेताओं ने निकट भविष्य में एक-दूसरे को संबंधित देशों की यात्रा करने को आमंत्रित किया। रहमान मलिक ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पाकिस्तान यात्रा और पहले सिख गुरु नानक देव की जन्मस्थली ननकाना साहिब में अरदास करने को आमंत्रित किया। पत्रकारों से बातचीत में मलिक ने कहा कि वह भविष्य में भारत के साथ अच्छे संबंधों की उम्मीद करते हैं।

शिंदे ने कहा कि गृहमंत्री के रूप में उनके पद संभालने के तीन घंटे के भीतर ही मलिक ने उन्हें फोन किया था, द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की दिशा में इसे अच्छे संकेत के रूप में देखा जा सकता है। भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध बेहतर बनाने के लिए दोनों नेताओं ने और अधिक कदम उठाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए दोनों देशों को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए और संबंधों में सुधार का मार्ग ढूंढना चाहिए।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें