ध्रुवों पर काम करने वाले दो गाइड्स ब्रिटिश आर्कटिक टेरिटरी (बीएटी) में शादी रचाने वाला पहला जोड़ा बन गए हैं। टॉम सिल्वेस्टर और जूली बॉम ने अंटार्कटिक प्रायद्वीप के पश्चिम में एडिलेड आइलैंड पर स्थित रॉदेरा रिसर्च स्टेशन पर शादी रचा ली है। दुल्हन जूली बॉम का शादी का जोड़ा नारंगी रंग का था जो एक पुराने टेंट से बनाया गया था। शादी के समय समारोह स्थल पर तापमान शून्य से नौ डिग्री नीचे था.
सिल्वेस्टर कहते हैं, "अंटार्कटिक बेहद खूबसूरत जगह है और हमने यहां पर कई अच्छे दोस्त बनाए हैं। शादी के लिए इससे बेहतर कोई और जगह हो ही नहीं सकती थी।" सिल्वेस्टर बताते हैं, "हम हमेशा से चाहते थे कि हमारी शादी छोटे पैमाने पर हो, लेकिन हमने कभी कल्पना नहीं की थी कि हम दुनिया के सबसे निर्जन जगहों में से एक जगह पर शादी करेंगे।"
दुल्हन बॉम कहती हैं, "बीते दस सालों से मैं और टॉम साथ काम कर रहे हैं और दुनिया भर में घूम रहे हैं। अंटार्कटिक में शादी करना, ऐसा लग रहा है कि जैसे ये सबसे खूबसूरत है।" शादी के लिए सिल्वेस्टर ने रिसर्च स्टेशन पर ही मशीन पर पीतल की अंगूठियां बनाईं।