अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा, ब्रितानी प्रधानमंत्री डेविड कैमरन और डेनमार्क की प्रधानमंत्री हेल थॉर्निंग-श्मिट ने नेल्सन मंडेला की स्मृति सभा में अपना एक फोटो लिया है।
इसे बेहद ताकतवर लोगों का 'सेल्फी' कहा जा रहा है।
तस्वीर में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा भी देखी जा सकती हैं, हालांकि मिशेल इस सेल्फ़ी में शामिल नहीं हुई।
ये फ़ोटो उन 'सेल्फी' में शामिल हो गया है जिन्हें कुछ टिप्पणीकार गंभीर मौकों पर फ़ोटो लेने के "दिलचस्प सामाजिक चलन" के रूप में देख रहे हैं।
ओबामा, कैमरन और थॉर्निंग-श्मिट के इस सेल्फ़ी के बाद ट्विटर पर कई लोगों ने टिप्पणी की है।
साल का शब्द
'सेल्फी' को ऑक्सफोर्ड वर्ड ऑफ द ईयर 2013 चुना गया है।
ऑक्सफोर्ड संपादक के अनुसार खुद अपनी तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर अपलोड और साझा करने का चलन 'सेल्फी' नाम से जाना जाने लगा है।
यह शब्द आम बोलचाल की भाषा में तब शामिल हुआ जब 2013 में सोशल मीडिया पर 'सेल्फ-पोर्ट्रेट' फोटोग्राफ के लिए इसका इस्तेमाल किया जाने लगा।
इस साल यह शब्द तब काफी चर्चा में आया जब युवाओं के साथ की पोप की एक तस्वीर सोशल साइट्स पर खूब चर्चित हुई। यह तस्वीर खूब शेयर की गई और इस पर कई टिप्पणियां आईं।