युद्ध की आहट को देखते हुए उत्तर कोरिया की कई मिसाइलों को प्योंगयांग के रॉकेट फैसलिटी से मूव किया गया है। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि दक्षिण कोरिया और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को पता चला है कि उत्तर कोरिया के मिसाइल रिसर्च एंड डेवलपमेंट फैसलिटी से कई कोरियन मिसाइलों को तैनात किया गया है। अमेरिका से मिले सैन्य कार्रवाई के संकेत के बाद उत्तर कोरिया ने यह कदम उठाया है।
दक्षिण कोरिया के कोरियन ब्रॉडकॉस्टिंग सिस्टम ने रिपोर्ट में बताया है कि उत्तर कोरिया ने हाल ही में अपनी कई मिसाइलों को रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर से हटाकर प्योंगयांग के उत्तरी हिस्से में तैनात किया है। हालांकि रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि ये मिसाइलें कब ले जाई गईं।
माना जा रहा है कि उत्तर कोरिया अब ज्यादा भड़काऊ कार्रवाई कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर कोरिया की ये मिसाइलें या तो मध्यम रेंज वाली ह्वासॉन्ग-12 या अंतरद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलें ह्वासॉन्ग-14 हो सकती हैं। सनम-डॉन्ग मिसाइल रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रतिष्ठान में अंतरद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलें रहती हैं।
मालूम हो कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जांग के बीच वाकयुद्ध चरम पर है और दोनों एक-दूसरे को कई बार हमले की चेतावनी दे चुके हैं।