उत्तर कोरिया ने फिर मिसाइल परीक्षण किया है। जापानी सरकार का कहना है कि यह मिसाइल उत्तरी जापान के ऊपर से उड़ते हुए समुद्र में जा गिरी। उत्तर कोरिया के ताज़ा परीक्षणों की श्रृंखला में अब से पहले कोई मिसाइल जमीन के ऊपर से होकर नहीं गुजरी। जाहिर है इससे दोनों देशों के बीच तनाव बहुत बढ़ सकता है। स्थानीय समय के मुताबिक मंगलवार सुबह यह मिसाइल छोड़ी गई। जापान की तरफ से मिसाइल को ध्वस्त करने की कोई कोशिशें नहीं की गईं।
पढ़ें:- अमेरिकी अड्डों पर मिसाइल अभ्यास करेगा जापान, नॉर्थ कोरिया से है खतरा
सायरन बजाकर लोगों को किया गया सावधान
मिसाइल ने जापान के उत्तरी होकाइडो द्वीप से पूर्व की ओर करीब तीन हज़ार किलोमीटर की दूरी तय की। इसके बाद मिसाइल की जद में आने वाले जापानी इलाकों में सायरन बजाकर लोगों को सावधान किया गया और उन्हें बेसमेंट और मजबूत इमारतों में जाने के लिए कहा गया।
स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, गिरने से पहले मिसाइल के तीन टुकड़े हो गए थे। शनिवार को भी उत्तर कोरिया ने तीन छोटी दूरी की मिसाइलों का अपने पूर्वी किनारे से परीक्षण किया था।