नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कोलंबिया के मशहूर उपन्यासकार गैब्रियल गार्सिया मार्केज़ का निधन हो गया है। मार्केज़ को उनके कालजयी उपन्यास हन्ड्रेड इयर्स ऑफ सालीट्यूड के लिए जाना जाता है।
ये वो पुस्तक थी जिसके बारे में न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा था, ''बुक ऑफ जेनेसिस के बाद ये साहित्य की पहली कृति है जिसे पूरी मानव नस्ल को पढ़ना चाहिए।'' मार्केज़ को उनके नाना-नानी ने उत्तरी कोलंबिया के बड़े ही ख़स्ताहाल शहर आर्काटका में पाला पोसा था। मार्केज़ अपनी सभी कृतियों के लिए अपने बचपन के पालन पोषण को श्रेय देते हैं।
मार्केज़ ने कॉलेज में क़ानून की पढ़ाई शुरु की पर पढ़ाई बीच में ही छोड़कर उन्होंने पत्रकारिता शुरु कर दी। 1954 में वो एक अख़बार के काम के सिलसिले में रोम गए और उसके बाद से अधिकतर समय वो विदेश में ही रहे। पेरिस, वेनेजुएला और मेक्सिको में उनके जीवन का अधिक समय बीता।