मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रज़ाक ने कहा है कि मलेशिया एयरलाइंस के लापता विमान एमएच370 पर सवार सभी यात्रियों की मौत की आशंका है।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि सैटेलाइट से मिली तस्वीरें के विश्लेषण से इस बात के संकेत मिले हैं कि विमान संख्या एमएच-370 की यात्रा हिन्द महासागर के दक्षिणी हिस्से में समाप्त हुई और इस बात की भी आशंका है कि विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई हो।
नजीब रज़ाक ने बताया कि लापता विमान में यात्रियों और चालक दल सहित कुल 239 लोग सवार थे। मलेशिया एयरलाइन का विमान संख्या एमएच370 आठ मार्च को उड़ान भरने के कुछ घंटे बाद ही लापता हो गया था। यह विमान कुआलालंपुर से बीजिंग जा रहा था।
सफर का अंत
मलेशिया के प्रधानमंत्री ने यह घोषणा हिन्दी महासागर के दक्षिणी हिस्से में विमान को खोजने के लिए पाँच दिन तक चले अभियान के बाद की है। मलेशिया प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बारे में एयरलाइंस ने विमान में सवार लोगों को परिवार वालों को बता दिया है।
एयरलाइंस ने परिवार वालों को जो मैसेज भेजा उसमें लिखा था कि "किसी भी उचित संदेह के बिन" ऐसा अनुमान है कि विमान नष्ट हो गया है और कोई भी नहीं बचा है। फ्लाइट एमएच370 आठ मार्च को लापता हो गया था। हिंद महासागर के दक्षिणी हिस्से में पिछले पांच दिनों से अंतरराष्ट्रीय खोज अभियान जारी था।
उन्होंने बताया कि ब्रिटेन की हवाई दुर्घटना जांच शाखा और ब्रिटेन की कंपनी इनमारसेट से मिल उपग्रह आंकड़ों के ताजा विश्लेषणों के आधार पर "हम इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि एमएस370 ने दक्षिणी गलियारे की ओर उड़ान भरी, और पर्थ के पश्चिम में हिंद महासागर के बीच में इसकी अंतिम स्थिति थी।"
ग़म का सिलसिला
समाचार एजेंसी एपी ने बीजिंग से बताया है कि इस ख़बर को सुनते ही विमान पर सवार लोगों के रिश्तेदार फूट-फूट कर रो पड़े। पिछले 17 दिनों से अपनों का इंतज़ार कर रहे लोग इस ख़बर के लिए तैयार हो चुके थे, लेकिन उन्हें किसी आधिकारिक बयान का इंतज़ार था।
बीजिंग में इस ख़बर को सुनने के लिए यात्रियों के करीब 50 रिश्तेदार हवाई अड्डे के पास जमा हुए। इस ख़बर को सुनते ही एक महिला घुटने के बल गिर पड़ी और "मेरा बेटा! मेरा बेटा!" कह कर रोने लगी।
लोगों के दुख का आलम ये था कि कई लोगों की तबियत बिगड़ने लगी और तुरंत मौके पर मेडिकल टीम को बुलाना पड़ा। इस विमान में सवार ज्यादातर यात्री चीन के थे।
जानकारी का इंतज़ार
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक यात्रियों के ज्यादातर रिश्तेदारों ने मौके पर मौजूद संवाददाताओं से बात करने से इनकार कर दिया। कुछ रिश्तेदार ग़ुस्से में भी आ गए। क्रोधित लोगों ने मीडिया से कैमरे बंद करने के लिए कहा।
सुरक्षाकर्मियों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसने एक टीवी कैमरामैन को लात मारकर कहा, "फिल्म न बनाओ। मैं तुमको जान से मार दूंगा!" इस दुर्घटना में अपने माता-पिता को खोने वाले वांग ज़ेन ने बताया कि कुछ रिश्तेदारों को एयरलाइंस की तरफ से अंग्रेज़ी में एक संदेश मिला है।
मलेशिया के प्रधानमंत्री ने बताया "यह एक दुर्गम स्थान हैं, किसी भी संभावित स्थल से काफी दूर। इसलिए मैं बेहद दुख और खेद के साथ आपको बता रहा हूं कि नए आंकड़ों के मुताबिक फ्लाइट एमएच370 का सफर हिंद महासागर के दक्षिण में खत्म हो गया।"
कुआलालंपुर में भी यही हाल
कुआलालंपुर में भी ऐसा ही हाल था। अपने 29 साल के बेटे को इस हादसे में खोने वाले सलामत उमर ने टेलीफ़ोन पर बताया कि मलेशिया एयरलाइंस ने अभी परिवारों को ये नहीं बताया है कि क्या उन्हें आस्ट्रेलिया ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बारे में अभी और जानकारी का इंतज़ार है।
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक़ उन्होंने कहा, "हम इस त्रासद ख़बर को स्वीकार करते हैं। किस्मत को यही मंज़ूर था।"