चीन ने थल सेना प्रमुख ने जनरल बिक्रम सिंह के उस बयान का खंडन किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के जवान मौजूद हैं। चीन ने कहा कि भारतीय सेना प्रमुख का यह बयान पूरी तरह से आधारहीन है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हांग लेई ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर में चीनी सेना की मौजूदगी के आरोप पूरी तरह से आधारहीन हैं। हांग ने कहा कि कश्मीर के मसले पर चीन का नजरिया साफ है। हमारा मानना है कि यह मामला दोनों देशों की आपसी बातचीत के माध्यम से ही हल होना चाहिए।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि संवाददाता सम्मेलन के दौरान हांग ने इस सवाल को टाल दिया था, लेकिन बाद में उन्होंने एक ई-मेल भेजकर जनरल सिंह के आरोप का खंडन किया। जनरल सिंह ने बुधवार को कहा था कि चीनी सैनिक पीओके में मौजूद हैं वह उनके देश द्वारा चलाई जा रही सड़क और रेल परियोजनाओं को सुरक्षा प्रदान कर रहे हैं।
मालूम हो की चीनी सेना की पीओके में मौजूदगी की खबरों का मुद्दा पहली बार सितंबर 2010 में उठा था, जब अमेरिकी मीडिया में इस बाबत खबरें आई थीं। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि चीनी सेना के लगभग 7,000 हजार से 11,000 जवान पाक अधिकृत कश्मीर में मौजूद हैं।