पत्रकारों और कुछ अधिकारियों को रियो ओलंपिक पार्क ले जा रही बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग में बस की खिड़की पर कई गोलियां लगी हैं। बताया जा रहा है कि फायरिंग में तुर्की का एक पत्रकार छर्रे लगने से जख्मी हुआ है। इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) ने फायरिंग की इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बस बास्केटबॉल वेन्यू से मुख्य ओलंपिक वेन्यू की ओर जा रही थी। आईओसी ने बयान जारी कर कहा है, 'हम घटना से वाकिफ हैं और बस ड्यूडोरो से बारा जा रही थी। फायरिंग में बस की दो खिड़कियों के कांच टूटे हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं, इस पर रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे टिप्पणी कर सकेंगे।'
एपी के मुताबिक बस में सवार 12 पत्रकारों में से तीन को मामूली चोटें लगी हैं। रियो में हुई फायरिंग की इस घटना ने ओलंपिक गेम्स की सुरक्षा को लेकर चिंताओं को बढ़ा दिया है। रियो में ओलंपिक गेम्स की सुरक्षा के लिए वहां की सरकार ने 85,000 सैनिकों और पुलिस वालों को तैनात किया हुआ है।