मालदीव में पिछले 45 दिनों से लागू आपातकाल को वहां के राष्ट्रपति ने बृहस्पतिवार को हटा लिया। पिछले महीने देश में पैदा हुई राजनीति अस्थिरता के बीच राष्ट्रपति यामीन अब्दुल गयूम ने आपातकाल लागू किया था।
यामीन के कार्यालय के हवाले से कहा गया कि सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास के मद्देनजर सुरक्षा सेवाओं की सलाह पर राष्ट्रपति ने आपातकाल हटाने का फैसला किया है।
बता दें कि मालदीव में राजनीतिक संकट सुप्रीम कोर्ट द्वारा राजनीतिक बंदियों को रिहा करने का आदेश देने के बाद आया था। इस आदेश को मानने से इनकार करते हुए राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन ने पहले 5 फरवरी को 15 दिन के लिए आपातकाल लगा दिया था। इसे बाद में 30 दिन के लिए बढ़ा दिया गया था। इसकी समय सीमा 22 मार्च तक थी।
राष्ट्रपति के सौतेले भाई और पूर्व तानाशाह मौमून अब्दुल गयूम और सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस अब्दुल्ला सईद, जस्टिस अली हमीद, और 4 अन्य नेताओं पर आपातकाल के दौरान सरकार गिराने की साजिश रचने के आरोप लगाए गए थे। बता दें कि मालदीव साल 2008 में बहु दलीय लोकतांत्रिक देश बना है।