सेलफोन, कंप्यूटर, गाड़ियां, मशीनरी, कॉस्मेटिक, रोबोटिक, एयर-कंडिशनर, किचन अलायंसेज और प्रोसेस फूड वो सेगमेंट हैं जिनमें दक्षिण कोरियाई कंपनियों का लोहा माना जाता है।
गाड़ियां बनाने वाली कंपनियों में ह्यूंदे और टेक्नोलॉजी कंपनियों में सैमसंग-एलजी का पूरी दुनिया लोहा मानती है। न सिर्फ एशिया, बल्कि दक्षिण कोरिया के कई उत्पाद यूरोप और अमरीका तक जलवा बिखेर रहे हैं। सीएनएनके मुताबिक जिस वक़्त भारत 3जी और 4जी के बीच झूल रहा है, दक्षिण कोरिया 5जी पर पहुंच गया है। यहां इंटरनेट की पहुंच 82।7% है और 79% आबादी की जेब में स्मार्टफोन है।
18 से 24 साल की आबादी की बात करें तो 98% नौजवान स्मार्टफोन रखते हैं। ह्यूंदे ऐसी कार बनाने के बारे में सोचता है जो फोन से स्टार्ट होती है और सैमसंग कर्व या मोड़ वाला फोन और टीवी पेश करता है।
बैंक ऑफ कोरिया के मुताबिक दुनिया में सबसे ज्यादा क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल दक्षिण कोरिया में किया जाता है। साल 2011 में अमरीका प्रति में व्यक्ति 77।9 ट्रांजैक्शन हो रहा था तो दक्षिण कोरिया में 129।7 ट्रांजैक्शन प्रति व्यक्ति।
आपको ये जानकर हैरानी हो सकती है कि इस देश में अगर कोई भी कारोबारी, दुकानदार क्रेडिट कार्ड लेने से मना करता है तो ये गैर-कानूनी है। यही वजह है कि शॉपिंग के लिए भी दक्षिण कोरिया को दुनिया में काफी पसंद किया जाता है।
पढ़ाई-लिखाई
दक्षिण कोरिया न सिर्फ पढ़ने-लिखने बल्कि काम करने के मामले में भी दुनिया के कई देशों से आगे है। यहां की 98% आबादी सेकेंड्री एजुकेशन तक पढ़ी है जबकि 63% कॉलेज तक। दक्षिण कोरिया के कई शहरों की इमारतों में देर तक रोशनी देखने को मिलती है, जो इस बात का संकेत है कि लोग देर रात तक पढ़ाई-लिखाई में लगे रहते हैं।
इसके अलावा वहां काम करने को लेकर भी दीवानगी है। राजधानी सोल में रहने वाले लोग काफी कम सोते हैं और एक रिसर्च के मुताबिक उनकी रात की नींत छह घंटे से भी कम होती है। काम निपटाने के बाद वो लोग पार्टी करने में भी काफी आगे रहते हैं।
मेकअप और कॉस्मेटिक की बात करें तो दक्षिण कोरियाई मेकअप करने के सामान और उसे लगाने के तौर-तरीकों में भी नयापन चाहते हैं। साल 2011 में देश में स्नेल क्रीम आई थी जिसे घोंघे के शरीर से बनाया गया था।
इसके अलावा वहां लावा की मिट्टी से बनने वाला मास्क और फरमेंटेड सोयबीन मॉश्चराइजर भी बन रहे हैं। और अब वहां हेयर शॉकर का क्रेज है जिनमें बालों के लिए नियोन टिंट इस्तेमाल किए जाते हैं। असली फूल दिखाने वाली नेल-पॉलिश भी चलन में है।
गोल्फ का जलवा
साल 2013 में अंग्रेजी प्रकाशन ने लाख टके का सवाल पूछा था- कोरियाई महिलाएं गोल्फ में इतनी अच्छी क्यों होती हैं? रैंकिंग भी चौंकाने वाली है। दुनिया की शीर्ष 100 महिला गोल्फरों में 38 कोरियाई हैं।
फ्लाइट अंटेंडेंट
विमान में जिन लोगों ने सफर किया है, वो जानते होंगे कि फ्लाइट अंटेडेंट का काम कितना मुश्किल और दिलचस्प होता है। लेकिन कम ही लोग ये जानते होंगे कि दुनिया भर की विमान कंपनियां अपने फ्लाइट अंटेडेंट को कोरियाई एयरलाइंस की ट्रेनिंग सेंटर में भेजती हैं ताकि वो इसके हुनर और गुर सीख सकें। अगर आप किसी से पूछेंगे कि कोरियाई विमान में उनका सफर कैसा रहा तो उनका जवाब बता देगा कि वो कितने संतुष्ट रहे।
प्लास्टिक सर्जरी
बेहतरीन जबड़ा, चौड़ा माथा या फिर लंबे दांत, ऐसा कोई फीचर नहीं जो दक्षिण कोरिया की राजधानी में कॉस्मेटिक सर्जरी के जरिए डॉक्टर दुरुस्त न कर सकें। रूसी, चीनी, मंगोलियाई और जापानी प्लास्टिक सर्जरी मेडिकल टूरिज्म के लिए यहां पहुंचते हैं।