फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जानें कौन हैं नेल्सन मंडेला की बांहों में बांहें डालने वाली महिला

Tue, 03 Apr 2018 03:15 PM IST
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

नेल्सन मंडेला जब 27 साल जेल में रहने के बाद 1990 में बाहर आए तो उनकी बांहों में बांहें डाले एक महिला नजर आई। इस लम्हे को कैमरे में कैद कर लिया गया और ये तस्वीर लंबे वक्त तक नस्लभेद के खिलाफ संघर्ष के प्रतीक के तौर पर देखी जाती रही। मंडेला की बांहों में बांहें डाले ये महिला उनकी पत्नी विनिफ्रेड माडिकिजेला थीं। विनी नाम से जानी जाने वाली विनिफ्रेड मंडेला का 81 साल की उम्र में सोमवार की रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर आते ही लोगों के जहन में ये तस्वीर उभर आई।

विज्ञापन


विनी और नेल्सन मंडेला की प्रेम कहानी

विनी माडिकिजेला के साथ मंडेला का प्यार उस वक्त परवान चढ़ रहा था जब वो देशद्रोह के मुकदमे का सामना कर रहे थे। विनी उस वक्त 22 साल की थीं, मंडेला से 22 साल छोटी। सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में विनी के राजनीतिक तेवर काफी गरम थे। नेल्सन मंडेला ने अपनी आत्मकथा में लिखा है, "मैं उसके प्यार में भी पड़ रहा था और उसे राजनीतिक भी बना रहा था।"

'मंडेला ने मुझे कभी प्रपोज नहीं किया'

विनी के मुताबिक मंडेला ने उन्हें कभी औपचारिक तौर पर प्रपोज नहीं किया था। वो बताती हैं, "एक दिन नेल्सन ने सड़क पर चलते हुए कहा कि क्या तुम उस ड्रेस डिजाइनर महिला को जानती हो? तुम्हें उससे जरूर मिलना चाहिए, वो तुम्हारे लिए शादी की ड्रेस तैयार करने जा रही है। तुम अपनी ओर से कितने लोगों को बुलाना चाहोगी?" विनी कहती हैं "इस तरह मुझे बताया गया कि उनसे मेरी शादी होने जा रही है। मैंने गुस्सा नहीं किया। मैंने सिर्फ इतना पूछा कि कब?"

विज्ञापन

शादी के लिए सरकार से इजाजत लेनी पड़ी

साल 1983 में फिल्म निर्माता केविन हैरिस को दिए एक साक्षात्कार में विनी ने कहा कि वो न सिर्फ एक कैदी के साथ शादी करने जा रही थीं, बल्कि उन पर प्रतिबंध भी लगा था और प्रिटोरिया में उनके मुकदमे की सुनवाई चल रही थी। ऐसे में उन्हें शादी करने के लिए सरकार से अनुमति लेनी पड़ी। शादी के लिए उन्हें चार दिन मिले ताकि वो ट्रांसकेई जाकर शादी कर सकें। विनी ने बीबीसी को बताया था उन्होंने मंडेला का नाम उस वक्त सुना जब वो हाई स्कूल में पढ़ रही थीं। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपने और मंडेला के रिश्ते से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताई थीं-

हाईस्कूल में पढ़ाई के दौरान हम दुनिया में चल रहे तमाम आंदोलनों और संघर्षों के बारे में पढ़ रहे थे। तभी मैंने उस काले शख्स के बारे में सुना जो नाइंसाफी के खिलाफ लड़ रहा था। मैं सबसे पहले उनसे अपनी एक दोस्त के जरिए मिली। ये साल 1957 की बात है। मेरी वो दोस्त मेरे भाई की पत्नी भी थीं। हमारी दूसरी मुलाकात इत्तेफाकन हुई। हम एक गली में मिले। मैंने उस शख्स को अचरज और इज्जत भरी नजरों से देखा। ये वही शख्स था जिसके बारे में हमने कितना कुछ सुना था। तब मुझे पता नहीं था कि कभी मैं इसी शख्स के घर में उसकी बीवी बनकर आऊंगी। विनी कहती थीं कि मंडेला से शादी करने के बाद वो और मजबूत हुईं और उन्होंने लगातार संघर्ष करना सीखा।
विज्ञापन

मंडेला और विनी की जिंदगी

विनी का जन्म 1936 में ईस्टर्न केप में हुआ था। मंडेला से मिलने के एक साल बाद ही यानी 1958 में ही विनी की उनसे शादी हो गई थी। उस वक्त वो एक प्रशिक्षित सामाजिक कार्यकर्ता थीं।

नेल्सन मंडेला की पूर्व पत्नी विनी मंडेला का निधन

विनी और मंडेला 38 साल तक शादीशुदा जोड़े की तरह रहे। हालांकि दोनों साथ में बहुत कम वक्त बिता पाए क्योंकि शादी के तीन साल बाद ही मंडेला अंडरग्राउंड हो गए थे और फिर पकड़े जाने पर उन्हें जेल में डाल दिया गया था। मंडेला और विनी की दो बेटियां हुईं। मंडेला जब जेल में थे तब विनी ने ही उनके आंदोलन को बाहरी दुनिया में आगे बढ़ाया। इसके बदले में उन्हें भी जेल की सजा मिली और उनकी मुहिम को एक नई पहचान। रंगभेद के खिलाफ विनी की लड़ाई और मंडेला का लगातार साथ निभाने की वजह से लोग उन्हें 'राष्ट्रमाता' कहने लगे।

विवादों के साये तले

हालांकि विनी की जिंदगी में सब अच्छा ही नहीं रहा। वो तमाम विवादों में रहीं और कई स्कैंडल्स में भी उनका नाम आया। जब नेल्सन मंडेला राष्ट्रपति बने तो उन्होंने अपनी पत्नी विनी को कैबिनेट में जगह दी। लेकिन जल्दी ही पार्टी के पैसे के इस्तेमाल को लेकर विनी मंडेला पर सवाल उठने लगे। उनकी छवि राजनीतिक और कानूनी रूप से दागदार होती गई। इस मुश्किल वक्त में नेल्सन मंडेला हमेशा उनके साथ रहे, लेकिन फिर भी उनकी शादी संभल नहीं पाई और 1996 में दोनों का तलाक हो गया।

मंडेला का सरनेम नहीं छोड़ा

तलाक के बाद भी विनी ने अपने नाम से मंडेला सरनेम नहीं हटाया और न ही मंडेला से अपनी दोस्ती खत्म की। तमाम विवादों के बाद भी वो राजनीति में सक्रिय रहीं, लेकिन 2003 में उन्हें धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी पाया गया और इस तरह एक बार फिर वो विवादों में घिर गईं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें