शिक्षा मंत्री किम योंग-जिन को झपकी लेने, तो पूर्व कृषि मंत्री ह्वांग मिन को चुनौतीपूर्ण प्रस्ताव पेश करने के लिए दी दर्दनाक सजा
- फोटो : BBC
उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोग-उन ने अपने शिक्षा मंत्री किम योंग-जिन और पूर्व कृषि मंत्री ह्वांग मिन को बेहद दर्दनाक सजा दी है। सनकी तानाशाह ने अपने दोनों मंत्रियों को उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग स्थित सैन्य अकादमी में सार्वजनिक रूप से विमानभेदी तोप (एंटी-एयरक्राफ्ट गन) से उड़वा दिया है।
किम ने शिक्षा मंत्री को बैठक के दौरान झपकी लेने पर और पूर्व कृषि मंत्री को चुनौतीपूर्ण नीतिगत प्रस्ताव पेश करने के लिए मौत की सजा दी है। दरअसल, किम के नेतृत्व में आयोजित बैठक के दौरान योंग-जिन को झपकी आ गई थे। इसको उत्तर कोरिया के तानाशाह ने अपना अनादर माना और उनको तोप से उड़वा दिया। वहीं, पूर्व कृषि मंत्री की ओर से पेश किए नीति प्रस्तावों को किम के लिए चुनौती के रूप में देखा गया, जिसके चलते उनको मौत की सजा दी गई।
बुधवार को दक्षिण कोरिया के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। इसके अलावा उत्तर कोरिया ने दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को दोबारा से शिक्षा लेने के लिए ग्रामीण इलाकों में भेजा है। उत्तर कोरिया के सूत्रों के मुताबिक किम ने शिक्षा मंत्री और पूर्व कृषि मंत्री को तोप से उड़ाने का विशेष आदेश दिया था। किम जोग-उन की ओर से अपने अधिकारियों के खिलाफ यह ताजा कार्रवाई की गई है।