बांग्लादेश में हाल ही में हुई दो आतंकी हमलों को आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने नहीं, बल्कि जमातुल मुजाहिद्दीन बांग्लादेश (जेएमबी) ने अंजाम दिया था। बांग्लादेशी पुलिस ने यह दावा किया है।
बांग्लादेश पुलिस के महानिरीक्षक एकेएम शाहिदुल हक ने बताया कि ढाका में एक कैफे पर हुए हमले में मारे गए पांचों आतंकियों के बारे में पुलिस छानबीन कर रही थी। जांच में सामने आया कि ये सभी जेएमबी के आतंकी थे।
एक जुलाई को गुलशन इलाके में होली आर्टिसन बेकरी में आतंकियों ने अचानक हमला बोला था। इसमें 17 विदेशियों को मिलाकर 22 लोगों की मौत हुई थी। इसके ठीक छह दिन बाद रमजान ईद के मौके पर आतंकियों ने फिर हमला किया और तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया।
हक ने बताया कि ईद के दिन हुए हमले के लिए भी जेएमबी ही जिम्मेदार था। उन्होंने बताया कि दूसरे आतंकी हमले की जगह से गिरफ्तार किए गए आतंकी ने कबूल किया कि वे गुलशन इलाके में हमले को अंजाम देने वालेे आतंकियों से संपर्क में थे। हालांकि उन्होंने हमले में आईएस का हाथ होने के दावे को एकबार फिर नकारा।