सीरिया से मिल रही रिपोर्टों के मुताबिक जिहादी समूह इस्लामिक स्टेट इन इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) ने सीरिया में एक दफ्तर खोला है जहां महिलाएं आईएसआईएस के लडाकों से शादी करने के लिए अपना पंजीकरण करा सकती हैं।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि आईएसआईएस ने सीरिया के पूर्वोत्तर शहर अल-बाब में दफ्तर खोला है। रिपोर्ट के मुताबिक कुवारी महिलाएं और विधवाएं नाम और पते के साथ अपना पंजीकरण करवा सकती हैं।
इसके बाद आईएसआईएस के चरमपंथी महिला के घर जाकर जाँच पडताल कर लडकी का हाथ मांग सकेंगे। इससे पहले खबरें आई थीं कि चरमपंथी शादी करने के लिए महिलाओं से जबरदस्ती कर रहे हैं।
'सीरियन ऑब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स' के निदेशक रामी अब्दुररहमान ने कहा कि यह मौका है जब उन्होंने चरमपंथी समूह की ओर से औपचारिक रूप से शादी के लिए दफ्तर खोलने के बारे में सुना है।
आईएसआईएस ने अपने नियंत्रण वाले इलाके में महिलाओं पर कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं।