ऑस्ट्रेलिया में आतंकवाद के आरोपों का सामना कर रहे इस्लामिक स्टेट के दो आतंकवादी गत महीने विमान को उड़ाने की साजिश कर रहे थे। सिडनी से प्रस्थान करने वाले एतिहाद एयरवेज के विमान पर देश का अब तक का सबसे बड़ा आतंकवादी हमला करने का प्लान माना जा रहा था।
पुलिस ने आज कहा कि सिडनी के उपनगरों में पांच संपत्तियों पर पुलिस ने छापे मारे और चार लोगों को गिरफ्तार किया। खालिद खयात और महमूद खयात पर आतंकवाद से संबंधित दो अपराधों के आरोप लगाए गए हैं और पारामत्ता की स्थानीय अदालत ने आज उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया। एक अन्य व्यक्ति को सप्ताह के मध्य में रिहा कर दिया गया जबकि चौथा व्यक्ति अब भी हिरासत में है।
इन आतंकवादियों की योजना 15 जुलाई को विमान में विस्फोटक यंत्र लेकर जाने की थी लेकिन यह योजना नाकाम हो गई। दोनों आतंकवादियों को आतंकवादी हमले की योजना बनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। ऑस्ट्रेलिया के संघीय पुलिस उपायुक्त माइकल फेलन ने कहा कि खालिद खयात और महमूद खयात पर कल रात आतंकवाद संबंधी अपराधों के आरोप तय किए गए।
ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कोरपोरेशन की एक खबर के मुताबिक, पुलिस का आरोप है कि सीरिया में इस्लामिक स्टेट के एक आतंकवादी के निर्देशों पर यह आईईडी बनाया गया और इसे 15 जुलाई को सिडनी से रवाना होने वाले एतिहाद के विमान पर सवार होने वाले आरोपियों में से एक के भाई की बैठक में लगाया जाना था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के भाई को इस योजना का पता नहीं था। बहरहाल, हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया गया और इसके बाद एक रासायनिक हमले की दूसरी योजना बनाई गई लेकिन बाद में उसे भी पूरी तरह से नाकाम कर दिया गया।