अमरीका ने कहा है कि सीरिया में जॉर्डन के विमान को इस्लामिक स्टेट ने नहीं गिराया था। बुधवार सुबह जॉर्डन का एफ-16 लड़ाकू विमान इस्लामिक स्टेट के इलाके में गिर गया और उसके पायलट को पकड़ लिया गया था।
इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों का दावा है कि उन्होंने मिसाइल हमले में विमान को मार गिराया है लेकिन अमरीका का कहना है, "सबूतों से साफ संकेत मिलता" है कि यह सही नहीं है।
अमरीका के सेंट्रल कमांड ने बयान जारी कर आईएस की हरकतों की निंदा की है और साथ ही इस बात की पुष्टि भी की कि विमान का पायलट उनके कब्जे में है।
अमरीकी सेंट्रल कमांड ने यह नहीं बताया कि विमान कैसे गिरा। बयान में कहा गया है, "सबूतों से साफ जाहिर है कि आईएस ने विमान नहीं गिराया जैसा कि चरमपंथी संगठन ने दावा किया है।"