ऑस्ट्रेलिया में एक 25 वर्षीय भारतीय छात्र की हत्या कर दी गई है। हत्या से पहले वह एक डेटिंग साइट के माध्यम से एक युवती से मिला था। मौलिन राठौड़ नाम का यह युवक अकाउंटिंग का छात्र का था। मंगलवार की रात को एक स्थानीय अस्पताल में उसकी मौत हो गई। सोमवार की रात को उसे युवती के घर पर घायल अवस्था में पाया गया था।
सोमवार को राठौड़ रात के 9 बजे 19 वर्षीय युवती के घर गया था। आपातकालीन सेवाओं के माध्यम से बुलाए जाने पर पुलिस वहां पहुंची और उस दौरान उसे गंभीर हालत में पाया गया। अकेले रहने वाली युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
युवती को मंगलवार रात को मेलबर्न के मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया और दोबारा पेश करने के लिए उसे हिरासत में भेज दिया गया। राठौड़ के दोस्त लवप्रीत सिंह के अनुसार, वह अपने माता-पिता का इकलौता बच्चा है और चार साल पहले पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया आया हुआ था। इस घटना से उसके माता-पिता सदमे में हैं।