दुनिया की सबसे लंबे समय तक शादीशुदा रहने का रिकॉर्ड रखने वाले ब्रिटेन के एक भारतीय मूल के व्यक्ति का निधन हो गया। 110 वर्षीय करमचंद का निधन उनके 111वें जन्मदिन से महज छह हफ्ते पहले यहां एक अस्पताल में हो गया। करमचंद और उनकी 103 वर्षीय पत्नी करतारी ने पिछले साल ही अपने विवाह की 90वीं वर्षगांठ मनाई थी। उनके परिजनों के मुताबिक इस दंपत्ति के बीच कभी भी झगड़ा नहीं हुआ था।
वह पश्चिमी यॉर्कशायर में ब्रेडफोर्ड के नजदीक गिरलिंगटन स्थित घर में रहते थे। उनके साथ उनका बेटा पॉल भी रहता था। पॉल ने कहा, ‘उनकी मौत से हम बहुत दुखी हैं, ज्यादा लोग इस उम्र तक नहीं पहुंच पाते।’ करमचंद का जन्म 1905 में पंजाब के एक किसान परिवार में हुआ था। करतारी के साथ उनका विवाह 1925 में हुआ था। वे 1965 में ब्रेडफोर्ड आ बसे थे। उनके 8 बच्चे, 27 नाती-पोते और दर्जनों पड़नाती-पड़पोते हैं।