प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी यूरोप यात्रा के अंतिम पड़ाव पर
जर्मनी पहुंचे और चांसलर एंगेला मर्केल से मुलाकात की। मर्केल के साथ बैठक को बेहतरीन बताते हुए मोदी ने कहा कि उनके साथ द्विपक्षीय सहयोग और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत हुई।
बतौर चांसलर चौथी बार कार्यभार संभालने के बाद मर्केल की मोदी के साथ यह पहली मुलाकात रही। उन्होंने मोदी की अगवानी की और गर्मजोशी से हाथ मिलाया जिससे भारत-जर्मनी के मजबूत संबंधों का पता चलता है। मोदी ब्रिटेन और स्वीडन यात्रा के बाद अपनी बेहद संक्षिप्त यात्रा पर जर्मनी गए थे।
मोदी ने ट्वीट किया कि चांसलर एंगेला मर्केल के साथ बैठक में हमने भारत-जर्मनी सहयोग के साथ साथ वैश्विक मसलों से संबंधित मुद्दों पर बातचीत की। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि दोनों नेताओं की मुलाकात संबंधों की निरंतरता को बनाए रखने की वचनबद्धता की तरफ इशारा करती है। मोदी-मर्केल मुलाकात पिछले महीने जर्मनी के राष्ट्रपति फ्रेंक-वाल्टर स्टाइनमायर की भारत यात्रा के बाद हुई है।
बढ़ रहा है आर्थिक सहयोग
जर्मनी और भारत के बीच लगातार आर्थिक सहयोग बढ़ रहा है। 2016-17 में द्विपक्षीय व्यापार 18.76 अरब डॉलर था, जिसमें भारत ने जर्मनी को 7.18 अरब डॉलर का सामान निर्यात किया जबकि जर्मनी से भारत ने 11.58 अरब डॉलर का सामान मंगाया। एक अध्ययन के मुताबिक जर्मनी में लगभग 80 कंपनियों ने 2016 में कुल मिलाकर 14 अरब डॉलर का राजस्व हासिल किया।